थलसेना प्रमुख ने किया व्हाइट नाइट कोर का दौरा, ‘मॉक -ड्रिल’ आज

बीबीएन, नेटवर्क। थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने व्हाइट नाइट कोर का दौरा कर सीमाओं पर सुरक्षा तैयारियों का जायज़ा लिया। सेना प्रमुख का यह दौरा मौजूदा हालात के मद्देनज़र काफी अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान उन्हें व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) ने सरहदों पर तैनाती, संचालन गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जनरल द्विवेदी ने कोर की ऑपरेशनल रेडीनेस की समीक्षा भी की।
जनरल द्विवेदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में सेना के जांबाज़ जवानों द्वारा दिखाए गए साहस और प्रतिबद्धता की दिल खोलकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने जिस बहादुरी, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है, वह काबिल-ए-तारीफ़ है। देश को अपने वीर सैनिकों पर गर्व है। सेना प्रमुख ने जवानों को संबोधित करते हुए बदलते सुरक्षा माहौल के बीच हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर हर पल सतर्क रहना हमारी पहली प्राथमिकता है, क्योंकि दुश्मन कभी भी कोई नापाक हरकत कर सकता है।
जम्मू-कश्मीर में तैनात व्हाइट नाइट कोर के इस दौरे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दी, जिसमें सेना प्रमुख के संदेश को भी साझा किया गया। ग़ौरतलब है कि व्हाइट नाइट कोर जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात एक अहम सैन्य गठन है, जो नियंत्रण रेखा से लेकर आतंरिक सुरक्षा तक कई मोर्चों पर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सेना प्रमुख का यह दौरा जवानों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ दुश्मनों को यह स्पष्ट संकेत भी देता है कि भारतीय सेना हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।