इंडोनेशिया से लौटे दो खूंखार आतंकी, IS के स्लीपर सेल से थे जुड़े

बीबीएन, नेटवर्क, 21 मई। भारत को आतंकवाद के खिलाफ जंग में बड़ी सफलता मिली है। इंडोनेशिया से प्रत्यर्पित किए गए इस्लामिक स्टेट (IS) के दो खूंखार आतंकियों में अब्दुल्ला फयाज और ताल्हा खान को NIA ने मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों लंबे समय से भारत में आतंकी गतिविधियों की योजना बना रहे थे और IS के स्लीपर सेल का हिस्सा थे।
इन आतंकियों की गिरफ्तारी केवल सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता का परिणाम नहीं है, बल्कि भारत की सफल कूटनीति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती साख का भी प्रमाण है। जानकारी के अनुसार, ये दोनों महाराष्ट्र से फरार होकर इंडोनेशिया पहुंचे थे, जहां उन्होंने पनाह ली। भारतीय एजेंसियों के अलर्ट पर इंडोनेशिया सरकार ने इन्हें हिरासत में लिया और भारत को सौंप दिया। इंडोनेशिया ने न सिर्फ आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का साथ देने का अपना वादा भी निभाया। यह वही देश है जहां विश्व की सबसे अधिक मुस्लिम आबादी है, बावजूद इसके उसने आतंकवाद पर भारत के रुख का समर्थन किया।
यह प्रत्यर्पण ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में भारत में पुलवामा जैसा आतंकी हमला हुआ और पाकिस्तान के साथ तनाव चरम पर है। इन हालातों में इंडोनेशिया का यह कदम भारत के पक्ष में एक मजबूत संदेश है। याद दिला दें कि इसी साल गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुभियांतो भारत के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने पाकिस्तान जाने का कार्यक्रम रद्द कर भारत में अधिक समय बिताया। यह दर्शाता है कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि गहरे भरोसे पर आधारित हैं।
इस पूरे ऑपरेशन को भारत की कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। दिल्ली में इंडोनेशियाई दूतावास और भारत के राजदूत के बीच लगातार संपर्क में रहकर यह कार्रवाई सफल हुई। अब इन आतंकियों से पूछताछ कर कई और खुलासे होने की उम्मीद है।